आज की खबर

कांग्रेस ने शुरू की नगर निगम-पालिकाओं के वार्ड प्रत्याशियों की घोषणा… दुर्ग निगम के प्रत्याशी घोषित, रायपुर का नंबर रात तक

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को शाम 6 बजे से प्रदेश के नगर निगम और नगरपालिकाओं में वार्डों के प्रत्याशियों की लिस्ट घोषित करनी शुरू कर दी है। नगर निगमों में सबसे पहली लिस्ट दुर्ग नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों की जारी की गई है। कांग्रेस ने दुर्ग के सभी 60 वार्डों के लिए प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया। इसके अलावा नगरपालिका परिषदों में बलौदाबाजार, धमतरी, अहिवारा, कुम्हारी, अमलेश्वर, रतनपुर, गौरेला और पेंड्रा हैं, जिनके उम्मीदवार घोषित किए गए हैं। हम इन उम्मीदवारों की लिस्ट को प्रकाशित नहीं कर रहे हैं। नगर पंचायतों तथा नगरपालिका के प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों के पास पहुंच गई हैं, जहां इन्हें देखा जा सकता है। उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार सभी नगरपालिका और नगर निगमों के वार्डों की लिस्ट फाइनल कर ली गई है। इन्हें एक-एक कर जारी किया जा रहा है। कांग्रेस की लिस्ट राजीव भवन में नहीं बल्कि पार्टी नेताओं के सुझावों के अनुरूप अलग जगह पर टाइप हो रही हैं, जिसकी अब तक किसी को भनक नहीं लगने दी गई है।  सूत्रों के मुताबिक सभी 10 नगर निगमों के वार्ड प्रत्याशियों की सूची एक-एक कर जारी की जाएगी। सबसे आखिरी में रायपुर नगर निगम के वार्ड प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। यह देर रात तक जारी होने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रत्याशियों की सूची को लेकर दिनभर से गहमागहमी चल रही है। पार्टी ने रायगढ़ की बरमकेला नगर पंचायत से सत्यभामा मनोहर नायक को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। नगर पंचायत अध्यक्षों की सूची में बरमकेला से जो नाम घोषित किया गया था, उस पर मंत्री ओपी चौधरी ने सवाल उठाया था कि महिलाओं के आरक्षित नगर पंचायत में कांग्रेस ने पुरुष को टिकट दे दिया है, जो शायद टाइपिंग मिस्टेक हो सकती है। इस गलती को तुरंत सुधारते हुए पार्टी ने प्रत्याशी का नाम बदला और सूत्रों ने कहा कि जो नाम अब दिया गया है, वही फाइनल हुआ था। सूची में किसी तरह का कंफ्यूजन हो गया जिसे सुधार लिया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button