मार्मिक समाचार पर सीएम साय की संवेदनदनशील पहल… छुट्टी में अफसरों की टीम ने घर जाकर दिव्यांग को सौंपी ट्राइसिकल… आर्थिक स्थिति का लिया जायज़ा

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने दिव्यांग गणेश राम यादव पर प्रकाशित मार्मिक समाचार पर संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तुरंत पहल की। सरकारी छुट्टी के बावजूद सीएम की पहल पर प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। रायगढ़ जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर गणेशराम यादव के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी।
सीएम का निर्देश मिलने के तुरंत बाद अफसरों की टीम जनपद पंचायत धरमजयगढ़ पहुंची। वहां से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की गई। प्रशासनिक दल गणेश राम यादव के घर भी पहुंचा, जहां उनके परिवार के सदस्यों, उनकी भाभी तथा वार्ड पंच से चर्चा की गई। गणेशराम की भाभी ने बताया कि उनके पति देवर जन्म से दिव्यांग हैं, तथा वह भी दिव्यांग हैं। दोनों भाइयों को प्रतिमाह दिव्यांग पेंशन प्राप्त होती है। परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। इसके साथ ही राशन कार्ड के माध्यम से नियमित रूप से खाद्यान्न भी उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि ट्राइसाइकिल मिलने से गणेशराम के जीवन में बड़ी राहत आएगी और उनका दैनिक जीवन पहले की अपेक्षा काफी आसान हो जाएगा।
सीएम साय के निर्देश पर महज 24 घंटे के भीतर सहायता उपलब्ध होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में राज्य सरकार की संवेदनशील, जनकेंद्रित और जवाबदेह सुशासन व्यवस्था के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में जिस तत्परता से शासन और प्रशासन ने कार्य किया जा रहा है, वह जरूरतमंदों के प्रति सरकार की संवेदनशील सोच का उदाहरण है।



