शुभेंदु अधिकारी की शपथ से लौट रहे सीएम साय… बोले- पश्चिम बंगाल अब बनेगा “सोनार बांग्ला”
पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में शामिल हुए सीएम विष्णुदेव साय थोड़ी देर में रायपुर पहुंच जाएंगे। उन्होंने सीएम शुभेंदु को बधाई दी और कहा कि बंगाल में अब माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, युवाओं को उनके सपनों के अनुरूप रोजगार मिलेगा और “বাংলা” (बांग्ला) एक बार फिर सच्चे अर्थों में “সোনার বাংলা” (सोनार बांग्ला) बनेगा।
सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पोस्ट किया कि आज का दिन पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक है। शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। लंबे इंतजार के बाद जनता की आशाओं को नई दिशा मिली है और सत्ता परिवर्तन का सपना साकार हुआ है।
सीएम साय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन तथा मजबूत नेतृत्व में डबल इंजन सरकार अब बंगाल के विकास की नई गाथा लिखेगी। इस सरकार के माध्यम से युवाओं को भरपूर रोजगार, किसानों को समृद्धि, मातृशक्ति को सशक्त अवसर और हर वर्ग को न्यायपूर्ण विकास मिलेगा। सीएम शुभेंदु के कुशल नेतृत्व में बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।



