छत्तीसगढ़ : नकाबपोश ने घर में घुसकर पूछा- कहां है पूर्णिमा… युवती के सामने आते ही तीन गोलियां मारीं, वहीं मौत
छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के जोंगरा गांव में शुक्रवार को एक और जघन्य वारदात हो गई। नकाबपोश ने घर में घुसकर 25 साल की पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो नकाबपोश बदमाश (चेहरे पर सफेद गमछा लपेटे हुए) आए। एक बदमाश हथियार लेकर घर के अंदर घुसा, जबकि दूसरा बाहर बाइक चालू कर खड़ा रहा। अंदर घुसे शूटर ने परिजनों से पूछा, “पूर्णिमा कहां है?” जैसे ही पूर्णिमा सामने आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ 3 राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उसके सिर पर और बाकी शरीर के अन्य हिस्सों में लगी। फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गए।
मृतका पूर्णिमा एक प्राइवेट आयुर्वेदिक कंपनी (स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड) में सेल्स एग्जीक्यूटिव का काम करती थी। वह पिछले 2-3 साल से अपनी शादी टूटने के बाद मायके (जोंगरा गांव) में रह रही थी। शूटर ने घर में घुसकर उसे गोली मारी। परिजनों ने पूर्णिमा को खून से लथपथ पाया और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल युवती को फौरन अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित (Brought Dead) कर दिया।
इस वारदात के आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सक्ती के एसपी प्रफुल्ल ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें और फोरेंसिक (FSL) एक्सपर्ट्स मौके पर जांच कर रहे हैं। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।दिनदहाड़े हुई इस हत्या का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।



