भारी बारिश और लैंडस्लाइड से चमोली टनल में भरा पानी-कीचड़… छत्तीसगढ़-झारखंड के 7 मजदूरों की मौत… रात 2 बजे से साय सरकार उत्तराखंड के संपर्क में
उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन टनल हादसे में छत्तीसगढ़ और झारखंड के मजदूरों सहित कुल 7 श्रमिकों की मौत हो गई है। अधिकृत जानकारी के अनुसार गुरुवार रात चमोली के पीपलकोटी में जलविद्युत प्रोजेक्ट की सुरंग में तेज बारिश और भूस्खलन के बाद अचानक भारी मात्रा में कीचड़ और पानी घुस आया, जिसमें भीतर काम कर रहे मज़दूर फंस गए। एनडीआरएफ सेना और पुलिस ने टनल से अब तक 22 मजदूरों को सुरक्षित निकाला है।हादसे में 11 श्रमिक घायल हुए हैं। इनमें छत्तीसगढ़ के 2, झारखंड के 5, बिहार के 2, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के 1-1 मजदूर शामिल हैं।

टनल हादसे में छत्तीसगढ़ के मजदूरों की मौत पर सीएम विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सरकारी सहायता दिलाई जाएगी। उत्तराखंड सीएम की ओर से दी गई सूचना के बाद रात 2 बजे से छत्तीसगढ़ के मज़दूरों को लेकर साय सरकार वहां से लगातार संपर्क में है।
हादसे के समय टनल के अंदर 20 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। छत्तीसगढ़ और झारखंड के मृत मजदूरों के नाम लकेश्वर, घुनेश्वर, मुकेश, प्रदीप पंवार, दुर्लभ शर्मा, विजय और जितेंद्र बताए है। भारी बारिश के बाद अचानक भूस्खलन से टनल में तेजी से घुसा पानी और कीचड़/मलबा अब भी भरा हुआ है। यह भी बताया गया है कि अभी 6 मजदूर लापता हैं। टनल के अंदर गहराई में पानी और दलदल होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, और बचे हुए लापता मजदूरों के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।



