सीबीआई ने रेलवे के सीनियर अफसर को रिश्वत लेते हुए दबोचा… इसके तुरंत बाद घरों पर छापे में मिला 77 लाख रुपए कैश
केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने छत्तीसगढ़ में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR), भिलाई में तैनात वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (Sr. DME) अनमोल उके और उनके एक बिचौलिए को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने आरोपी अफ़सर के रायपुर और भिलाई स्थित आवास और कार्यालय परिसरों में छापेमारी की, जहां से 77 लाख रुपए कैश और ₹14 लाख के आभूषण बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार अनमोल उके भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा (IRSME) के अधिकारी और SECR भिलाई में सीनियर डीएमई पद पर हैं। सीबीआई सूत्रों के अनुसार पेंडिंग पड़े बिलों को पास करने के एवज में ₹2 लाख की रिश्वत मांगी गई थी, जो बातचीत के बाद ₹1 लाख तय हुई। बिचौलिए के माध्यम से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹50,000 लेते समय सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा। इसके बाद सीबीआई ने अधिकारी के रायपुर (WRS कॉलोनी रेलवे निवास) और भिलाई (चरोदा) के ठिकानों की तलाशी ली। इसमें करीब 77 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। छापे के दौरान मामले से जुड़े कई संदिग्ध और आधिकारिक दस्तावेज भी खंगाले गए हैं 14 अगस्त को हुई औपचारिक गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की विशेष अदालत ने आरोपी अधिकारी और उसके सहयोगी को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।



