रायपुर के मोवा में आधी रात युवक ने सुसराल में दो सालियों को गोली मारी… एक की वहीं मौत दूसरी गंभीर, आरोपी गिरफ्तार
राजधानी रायपुर के मोवा में 5 और 6 मई की दरमियानी रात एक बाउंसर ने अपने सुसराल जाकर दो सगी सालियोंको गोली मार दी। माथे पर गोली लगने से एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि पेट में गोली लगने से दूसरी गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद आरोपी बाउंसर जितेंद्र वर्मा (32) उर्फ जित्तू ने मकान से बाहर आकर सड़क पर भी फायर किया, फिर भी लोगों ने उसे पकड़कर पंडरी पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि सूत्रों का कहना है कि आरोपी ने सरेंडर किया है। अफ़सरों ने बताया कि आरोपी शक करता था और पत्नी के लिए लाइसेंसी पिस्टल लेकर नशे में सुसराल गया था। पत्नी घर पर नहीं थी और सालियों ने उसे कुछ बताने से मना कर दिया तो गुस्सा उन्ही पर उतार दिया।

पुलिस ने पूछताछ के बाद बताया कि जितेंद्र का पत्नी खिलेश्वरी से पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। घटना वाली रात खिलेश्वरी अपने बच्चे को बहन के घर छोड़कर रिश्तेदार के यहाँ गई थी। जितेंद्र नशे में अपनी पत्नी को ढूंढते हुए अपनी साली गीतांजलि वर्मा (26) के घर पहुँचा। जब सालियों ने उसे बताया कि उसकी पत्नी वहां नहीं है और उसे जाने को कहा, तो उसने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। गीतांजलि की माथे पर गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुर्गेश्वरी वर्मा (24) पेट में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। सूत्रों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा ने भागने के बजाय सीधे मोवा थाने पहुँचकर सरेंडर कर दिया। डीसीपी मयंक गुर्जर ने रात करीब 2 बजे मीडिया को बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।



