द स्तम्भ की खबर के अनुरूप भाजपा के जिलाध्यक्ष रिपीट नहीं… रायपुर शहर-रमेश ठाकुर, ग्रामीण-श्याम नारंग, भिलाई- देवांगन, दुर्ग से कौशिक को मौका

भारतीय जनता पार्टी ने संगठन चुनाव की प्रक्रिया में अहम पड़ाव पर पहुंचते हुए रविवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों के अध्यक्ष घोषित कर दिए हैं। रमेश ठाकुर को रायपुर शहर और श्याम नारंग को रायपुर ग्रामीण का अध्यक्ष चुना गया है। इसी तरह, भिलाई से पुरुषोत्तम देवांगन तथा दुर्ग से सुरेंद्र कौशिक अध्यक्ष बनाए गए हैं। इसके अलावा कई और जिलों के अध्यक्ष बनाए गए हैं। द स्तम्भ ने जानकार सूत्रों के हवाले से खबर ब्रेक की थी कि भारतीय जनता पार्टी ने सिद्धांततः फैसला ले लिया है कि किसी जिलाध्यक्ष को रिपीट नहीं किया जाएगा। अब तक जो सूची मिली है, उसमें इसकी झलक दिखाई दे रही है यानी किसी भी मौजूदा जिलाध्यक्ष को दोबारा मौका नहीं दिया गया है।
भाजपा से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर ग्रामीण से पार्टी ने श्याम नारंग और शहर से रमेश ठाकुर का चयन किया है। कांकेर से महेश जैन को मौका दिया गया है। भिलाई से पुरुषोत्तम देवांगन और दुर्ग से सुरेंद्र कौशिक जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। बीजापुर से घासीराम नाग, गौरेला-पेंड्रा से लालजी यादव, बालोद से चेमन देशमुख और सूरजपुर जिले से मुरलीधर सोनी को जिलाध्यक्ष चुना गया है। इसी तरह मुंगेली से भाजपा ने दीनानाथ केशरवानी और रायगढ़ से अरुणधर दिवान को मौका दिया गया है। बलरामपुर से ओमप्रकाश जायसवाल, जशपुर से भरत सिंह, मोहला-मानपुर जिले से नम्रता सिंह और कोरबा जिले से मनोज शर्मा को जिलाध्यक्ष घोषित किया गया है। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश निर्वाचन अधिकारी खूबचंद पारख की ओर से जारी करने की सूचना है।