शराब स्कैम में जेल से महीनों बाद छूटे अरुणपति त्रिपाठी फिर गिरफ्तार… EOW ने ओवरटाइम स्कैम में दो दिन रिमांड पर लिया
छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के 172 करोड़ रुपये के कथित ओवरटाइम भुगतान स्कैम में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने पूर्व एमडी अरुणपति त्रिपाठी को फिर से गिरफ्तार कर लिया है। ईओडब्ल्यू (EOW) ने त्रिपाठी को 18 जुलाई को विशेष अदालत में पेश किया, जहां से 20 जुलाई तक रिमांड पर ईओडब्लू को सौंप दिया गया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग के पूर्व विशेष सचिव अरुणपति त्रिपाठी इससे पहले शराब स्कैम में भी जेल जा चुके हैं।
ईओडब्लू की इन्वेस्टीगेशन के अनुसार 2019-20 से 2023-24 के बीच शराब दुकानों के प्लेसमेंट कर्मचारियों के नाम पर ओवरटाइम, बोनस और सर्विस चार्ज के रूप में 172 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भुगतान किया गया। यह राशि कर्मचारियों को मिलने के बजाय फर्जी बिलों और अवैध कमीशन व्यवस्था के जरिए सिंडिकेट, अधिकारियों और प्लेसमेंट एजेंसियों के पास गई। इस मामले में सुमित फैसिलिटीज, प्राइमवन वर्कफोर्स, ए-टू-जेड इंफ्रासर्विसेज जैसी एजेंसियों की भूमिका भी संदिग्ध मानी गई है।



