रायपुर के 3 हजार समेत छत्तीसगढ़ के सभी मेडिकल स्टोर बंद… इमरजेंसी के लिए धन्वंतरि और सरकारी स्टोर्स में जाना होगा
ऑनलाइन दवा बिक्री (e-pharmacy) के विरोध में देशव्यापी हड़ताल के कारण छत्तीसगढ़ में आज 20 मई को करीब 20,000 मेडिकल स्टोर्स पूरी तरह बंद हैं। यह बंद ‘ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स’ (AIOCD) के आह्वान पर रखा गया है।राजधानी रायपुर में 3,000 से अधिक दुकानों सहित पूरे प्रदेश के थोक (wholesale) और चिल्हर (retail) मेडिकल स्टोर्स बंद हैं। इमरजेंसी के लिए सभी सरकारी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र और धन्वंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स खुले रहेंगे।इमरजेंसी सप्लाई: दवा विक्रेता संघ ने भी आश्वासन दिया है कि आपातकालीन स्थिति होने पर वे मरीजों को दवा उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
दवा व्यापारियों के इस आंदोलन को कैट (CAIT), चेंबर ऑफ कॉमर्स और कांग्रेस के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने भी अपना समर्थन दिया है। इस एक दिवसीय हड़ताल से छत्तीसगढ़ में लगभग 50 करोड़ रुपये का दवा कारोबार ठप होने का अनुमान है। दवा एसोसिएशन का कहना है कि ऑनलाइन दवा कंपनियां भारी छूट देकर छोटे और स्थानीय मेडिकल स्टोर्स का व्यापार खत्म कर रही हैं। बिना उचित सत्यापन (prescription check) के दवाइयाँ बेचने से स्वास्थ्य व्यवस्था पर बुरा असर पड़ रहा है। संगठन की मांग है कि सरकार GSR 220(E) और GSR 817(E) जैसे नियमों को वापस ले, जिन्होंने ई-फार्मेसी को बिना किसी कड़े रेगुलेटरी फ्रेमवर्क के काम करने की छूट दी है।



