अलार्म या कोई आवाज़… रायपुर फ्लाइट की इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग… ऐसी तकनीकी खराबी कि दोबारा उड़ा ही नहीं… रायपुर के यात्री इंदौर में फंसे, आएँगे दूसरी फ्लाइट्स से
इंदौर से रायपुर के लिया मंगलवार यानी आज सुबह उड़ा इंडिगो का विमान कुछ देर में वहीं उतारना पड़ा। पता चला है कि टेक ऑफ के दौरान ही पायलट को तकनीकी खराबी की आशंका हुई। विमान की वापस इंदौर में ही इमरजेंसी लैंडिंग करवा दी गई। तकनीकी खराबी नहीं सुधार पाई तो फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। इंदौर से रायपुर आ रहे लोग वहीं फंस गए हैं। फ्लाइट में 51 पैसेंजर थे, जिनमे अधिकांश रायपुर के हैं। उन्हें दूसरी फ्लाइट्स से भेजा जा रहा है, लेकिन इस बारे में अब तक अनिश्चितता बनी हुई है।
अहमदाबाद में एयर इंडिया के दर्दनाक विमान हादसे के बाद पूरे देश की हर एयरलाइंस में पायलट अत्यधिक चौकन्ने हैं। बरसात में सतर्कता और बढ़ गई है। इसके दो कारण हैं। पहला बादल-बारिश के कारण अदृश्यता और दूसरा रनवे पर फिसलन। दोनों ही मामलों को हर फ्लाइट में गंभीरता से लिया जा रहा है। इंदौर से रायपुर के लिए उड़े विमान में क्या खराबी आई, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। सूत्रों के अनुसार फाल्स अलार्म के कारण विमान को तुरंत उतारना पड़ा। लेकिन इसी फ्लाइट में सफ़र कर रहे पैसेंजर ने रायपुर में एक परिचित को बताया कि फ्लाइट के टेकऑफ होते समय एक आवाज़ आई थी, जो नार्मल नहीं है। रायपुर आ रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग को ग़ैर-तकनीकी लोग इसी आवाज़ से जोड़कर देख रहे हैं।



