आज की खबर

क्या अब “उनकी” खैर नहीं..! नक्सलियों के खिलाफ फोर्स के अभियान में अफवाहें-आरोपों को गैरकानूनी करार दिया पुलिस ने… अर्थात ऐसी गतिविधियां चलाने वालों पर कार्रवाई का इशारा

बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ फोर्स के कामयाब और बड़े अभियानों का वर्षों से बहादुरी के साथ नेतृत्व कर रहे बस्तर आईजी पी सुंदरराज की ओर से मीडिया में शनिवार को एक बयान जारी हुआ है, जिससे राजनैतिक हल्के में खलबली मच गई है। आईजी ने सरकारी तौर पर जारी बयान में कहा है कि बस्तर में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे आपरेशंस को लेकर कुछ व्यक्ति और संगठन अफवाहें फैला रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं। ऐसी गतिविधियों को फोर्स ने अनैतिक और कानून विरोधी करार दिया है, इसलिए हड़कम्प है। माना जा रहा है कि इस बयान के जरिए फोर्स ने इशारा कर दिया है कि आरोप लगाने वालों और अफवाहें फैलाने वालों पर एक्शन भी लिया जा सकता है।

बस्तर आईजी पी सुंदरराज मीडिया को जारी यह बयान राजनैतिक हल्कों के साथ-साथ ब्यूरोक्रेसी में भी चर्चा का विषय है। द स्तम्भ इस बयान को हूबहू प्रस्तुत कर रहा है, जिसमें आईजी सुंदरराज की ओर से कहा गया है- बस्तर पुलिस एवं क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बल संविधान और कानून के तहत मिले अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। हमारा उद्देश्य हमेशा से यह रहा है कि बस्तर क्षेत्र की जनता के जीवन, संपत्ति और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रतिबंधित एवं अवैध घोषित भाकपा माओवादी संगठन के विरुद्ध चलाए जा रहे समस्त अभियान विधिसम्मत प्रावधानों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं (SOPs) के अंतर्गत पूरी ज़िम्मेदारी, संयम और पारदर्शिता के साथ संचालित किए जाते हैं।

बयान में आगे कहा गया- हाल ही में यह देखा गया है कि कुछ व्यक्तियों एवं संगठनों द्वारा प्रतिबंधित एवं गैर कानूनी माओवादियों के विरुद्ध सुरक्षा बलों द्वारा की जा रही वैध कार्रवाइयों के संबंध में अफवाहें फैलाने और झूठे आरोप लगाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे प्रयास न केवल भ्रामक एवं मनोबल गिराने वाले हैं, बल्कि पूरी तरह से अनैतिक और कानून के विरुद्ध भी हैं। ये तथ्यात्मक सच्चाई से भी कोसों दूर हैं। हम एक बार फिर स्पष्ट करना चाहते हैं कि सुरक्षा बलों की सभी कार्रवाइयाँ संविधान, कानून और संचालन की निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप ही होती हैं। हमारी नियमित प्रक्रिया के तहत, हम प्रत्येक अभियान से जुड़ी जानकारी समयानुसार अपने आधिकारिक और प्रामाणिक बयानों के माध्यम से जनता एवं सभी संबंधित पक्षों को उपलब्ध कराते रहेंगे।

बयान के अंत में आईजी सुंदरराज ने बस्तर की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा है कि बस्तर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और विकास हेतु असंख्य सर्वोच्च बलिदानों के बावजूद, बस्तर पुलिस एवं क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों का उद्देश्य पूरी तरह स्पष्ट है। कानून और नियमों का पालन करते हुए क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में काम हो रहा है तथा बस्तर के लोगों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button