पीएम मोदी की ‘मन की बात’ सीएम साय ने सुनी अंबिकापुर में… छत्तीसगढ़ के अक्सर उल्लेख को बताया प्रेरणादायी… स्टेडियम निर्माण की घोषणा भी

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम बन गया है। सीएम ने आज 29 नवंबर को अंबिकापुर के सरगंवा स्थित पुष्प वाटिका में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 140वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरगंवा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज के कार्यक्रम में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने फिट इंडिया अभियान, साइकिलिंग और खेलों में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे बड़ा आधार है। प्रधानमंत्री ने शासकीय कर्मचारियों की कार्यक्षमता और कौशल विकास के लिए संचालित आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। यह प्लेटफॉर्म शासकीय सेवाओं को अधिक दक्ष, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने संचार साथी पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन का पता लगाने तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देकर डिजिटल जागरूकता का भी संदेश दिया।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारतीय गुड़, चॉकलेट और ऊंटनी के दूध से जुड़े नवाचारों एवं स्टार्टअप का उल्लेख कर यह संदेश दिया है कि स्थानीय संसाधनों, परंपरागत उत्पादों और नए विचारों के माध्यम से उद्यमिता एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। सीएम ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के पूर्ववर्ती प्रसारणों में बस्तर पंडुम, कोरिया जिले के जल संचय अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसे नवाचारी प्रयासों की सराहना की है। प्रधानमंत्री द्वारा इन प्रयासों का उल्लेख किए जाने से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़ी पहलों को राष्ट्रीय पहचान मिली है। इससे प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ा है और अन्य क्षेत्रों को भी ऐसे सकारात्मक कार्यों की प्रेरणा मिली है।



