सीमेंट बोरी 3 माह में 80 रुपए तक महंगी… निर्माण सीजन में 30% मुनाफाखोरी का कार्टेल..? क्या अफ़सरों को इसकी भनक नहीं
छत्तीसगढ़ में सीमेंट का रेट पिछले तीन माह में थोड़ा थोड़ा करके खामोशी से बहुत अधिक बढ़ा दिया गया है। बाज़ार में सीमेंट के दाम 80 रुपए बोरी तक बढ़े हैं। दीपावली के बाद मकानों का निर्माण तेज गति से होता है, इसलिए भारी मुनाफाखोरी की चर्चा है। यह वृद्धि प्रति बोरी 30 प्रतिशत के आसपास है। दाम धीरे-धीरे इतने स्ट्रेटेजिकली बढ़ाए गए हैं कि रेट में इतने बड़े इंपैक्ट के बावजूद संभवतः शासन और अफसरों को भनक नहीं लगी है। यही नहीं, इतनी ज़्यादा वृद्धि की ख़बर राजनीतिज्ञों को भी नहीं है।
चिल्हर बाजार में पिछले तीन-चार महीनों में सीमेंट की प्रति बोरी कीमत में 80 तक का उछाल आया है। अर्थात् मकान बनवाने वाले आम लोग इस बढ़े हुए भाव से सीमेंट ख़रीद रहे हैं। जानकारों के मुताबिक़ सरकारी निर्माण और बड़े बिल्डरों को सप्लाई होने वाले नॉन-ट्रेड (Non-Trade) सीमेंट के रेट में एक महीने से भी कम समय में 60 रुपए बोरी की वृद्धि दर्ज की गई है। छत्तीसगढ़ में पीपीसी (PPC) के मुकाबले ओपीसी (OPC) सीमेंट 80 रुपए बोरी महंगा बिक रहा है। पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में यह अंतर ₹25 और महाराष्ट्र में ₹40 प्रति बोरी है।
ठेकेदारों के मुताबिक सरकारी निर्माण कार्यों में OPC सीमेंट का इस्तेमाल अनिवार्य होने से प्रोजेक्ट्स की लागत बढ़ गई है। इससे प्रदेश में करीब 10,000 से 30,000 करोड़ रुपये तक के सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों के प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है। बिल्डरों और ठेकेदारों ने सीमेंट कंपनियों पर कार्टेल बनाकर दाम बढ़ाने का आरोप लगाया है। आम लोग खामोश हैं क्योंकि उनके कहने से रेट कम नहीं हो सकते। यहाँ तक कि राजनैतिक दल भी इस मामले में अब तक चुप हैं।



