बिलासपुर में बांग्लादेशी के शक में अरेस्ट 23 में 18 भारतीय निकले… रायपुर के डिटेंशन सेंटर से 15 दिन बाद रिहा, शेष 5 की जांच जारी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बांग्लादेशी होने के शक में हिरासत में लिए गए 23 लोगों में से 18 लोग भारतीय नागरिक निकले हैं। बिलासपुर पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सिरगिट्टी से 23 लोगों को बांगलादेशी होने कि शक में हिरासत में लिया था और उन्हें रायपुर के डिटेंशन सेंटर (होल्डिंग सेंटर) भेज दिया था। इन लोगों के दस्तावेजों में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और आसपास के जिलों के पते मिले थे, जो सही पाए गए हैं।
बिलासपुर पुलिस की एक विशेष टीम ने पश्चिम बंगाल जाकर वहां के स्थानीय थानों से इन लोगों के वोटर कार्ड, आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे दस्तावेजों का वैरिफिकेशन कराया। पश्चिम बंगाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन से डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन रिपोर्ट मिलने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि इनमें से 18 लोग भारतीय नागरिक हैं। इस आधार पर करीब 15 दिन बाद डिटेंशन सेंटर से रिहा कर दिया गया है।
बता दें कि पुलिस बाकी बचे 4-5 संदिग्धों के दस्तावेजों की अभी भी जांच कर रही है। ये सभी लोग बिलासपुर में रहकर मुख्य रूप से टेंट पंडाल, कबाड़ और बार्टर में बर्तन देने जैसा छोटा-मोटा काम करते थे।



