आज की खबर

रायपुर कृषि विवि में कीटविज्ञान पेपर लीक… 24 घंटे में ही दुर्ग के प्रोफेसर समेत 6 गिरफ्तार… सीएम बोले- पेपर लीक पर जीरो टॉलरेंस

रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी कृषि (B.Sc. Agriculture) द्वितीय वर्ष की परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। इधर, पेपर लीक पर सख्त रवैया अपनाते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने एफआईआर करवाकर पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दी गई है। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा है कि पेपर कहां से और कैसे लीक हुआ, इसकी तह तक जाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद आज पुलिस ने पेपर लीक में दुर्ग के एक निजी कॉलेज के प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि परीक्षा से ठीक दो घंटे पहले कीट विज्ञान (Entomology) का प्रश्नपत्र लीक किया गया था। इसे 11 हजार रुपये में बेचा गया और आगे इसका सौदा 12 हजार रुपये में किया गया। इस मामले में पुलिस रायपुर, दुर्ग समेत 5 जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर 16 से अधिक संदिग्धों से कड़ी पूछताछ कर चुकी है। 

पेपर लीक 20 अगस्त को होने वाली कृषि कीटविज्ञान (Entomology – AENT 221) विषय में हुआ। परीक्षा सुबह 10:00 बजे शुरू होनी थी, लेकिन सुबह लगभग 8:45 बजे ही प्रश्नपत्र की तस्वीरें व्हाट्सएप ग्रुप्स पर वायरल हो गईं। परीक्षा खत्म होने के बाद जब सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्नों का मिलान असली प्रश्नपत्र से किया गया, तो पाया गया कि लगभग 70% प्रश्न हूबहू वही थे। इसके तुरंत बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया। इस परीक्षा में विश्वविद्यालय से संबद्ध 34 महाविद्यालयों के लगभग 1,500 छात्र शामिल हुए थे। निरस्त परीक्षा सितंबर के प्रथम सप्ताह में पुनः आयोजित की जाएगी।

इस मामले में सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ कार्य कर रही है। भर्ती हो या शैक्षणिक परीक्षा, उसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button