सीएम साय की आज पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह से दिल्ली में मुलाकात संभव… विकास का रोडमैप लेकर दो दिन के लिए दिल्ली गए सीएम
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर रवाना हो चुके हैं। वहां वे राज्य के विकास और सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रीय नेताओं से चर्चा करेंगे। उनकी आज पीएम नरेंद्र मोदी से अहम मुलाक़ात संभव है, जिसमें सीएम साय छत्तीसगढ़, खासकर बस्तर में विकास के लिए तैयार किए गए रोडमैप को पीएम के सामने प्रस्तुत करेंगे। इसके अतिरिक्त राज्य में चल रही केंद्रीय योजनाओं की प्रगति और विकास कार्यों पर चर्चा होगी।
सीएम साय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन अभियान की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करना है। हाल के दिनों में राज्य में नक्सलियों के खिलाफ मिली बड़ी सफलताओं और आत्मसमर्पण के आंकड़ों की रिपोर्ट वे गृह मंत्री को सौंप सकते हैं। इस प्रवास के दौरान वे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तथा वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। इन बैठकों में छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी (जैसे भारतनेट परियोजना), बुनियादी ढांचे का विस्तार, और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर बनाने पर बात होगी।



