सुप्रिया श्रीनेत, नेहा राठौर और @GenZ_of_India के ख़िलाफ़ रायपुर में एफआईआर… भाजपा ने भ्रामक प्रचार का आरोप लगाकर किया केस
राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस थाने में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और एक एक्स (ट्विटर) हैंडल @GenZ_of_India के खिलाफ भाजपा की ओर से एफएफआईआर (FIR) दर्ज करवा दी गई है। एफआईआर भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता उज्जवल दीपक की लिखित शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने सुप्रिया श्रीनेत और नेहा सिंह राठौर पर सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं का एक पुराना वीडियो साझा कर उसे इस वर्ष के स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) का बताने का आरोप लगाया है।
बता दें कि सुप्रिया श्रीनेत ने दावा किया था कि धमतरी जिले के कुरुद में स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय अवसर पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह वीडियो 15 अगस्त का नहीं बल्कि 22 मार्च 2026 को आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ के दौरान का था, जिसे भ्रामक तरीके से नए संदर्भ में पेश किया गया।
रायपुर पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत केस दर्ज किया है। इन धाराओं के तहत सार्वजनिक शांति और सद्भाव बिगाड़ने, किसी व्यक्ति के मान-सम्मान को नुकसान पहुंचाने और समाज में भ्रामक जानकारी फैलाकर तनाव पैदा करने का आरोप लगाया गया है।



