छत्तीसगढ़ में 17 अगस्त तक “हर घर तिरंगा” अभियान… राष्ट्रध्वज के साथ सेल्फी अपलोड कर सकेंगे सरकारी पोर्टल पर
छत्तीसगढ़ के शहरों-गांवों में आज से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम्’ अभियान की धूम रहनेवाली है। केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रदेश में इस अवधि में राज्यस्तरीय देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। सीएम विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संस्कृति विभाग केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत विभिन्न सांस्कृतिक व देशभक्ति कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जाएगा।
संस्कृति विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिलों में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। जबकि 7 से 15 अगस्त तक ‘वंदे मातरम्’ गायन और संबंधित सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी। 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद पूरे प्रदेश में बड़े पैमाने पर सामूहिक राष्ट्रगान और वंदे मातरम् गायन होगा। अभियान के दौरान सभी जिला मुख्यालयों, विकासखंडों, ग्राम पंचायतों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा यात्राएं, बाइक व कार रैलियां, मशाल रैलियां तथा तिरंगा मैराथन आयोजित की जाएंगी।
छत्तीसगढ़ के हर नागरिक अपने घरों पर फहराए गए तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास, तिरंगा मेले और देशभक्ति कॉन्सर्ट आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्वदेशी उत्पादों व कारीगरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। प्रदेशभर में ऑडियो और वीडियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां नागरिक स्वयं वंदे मातरम् गाकर अपनी रिकॉर्डिंग अपलोड कर सकेंगे।
14 अगस्त को भारत विभाजन की विभीषिका और स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए विशेष प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इस अवसर पर राज्य पुलिस बैंड द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी।



