बड़ा एक्शन : शराब ओवररेट में दो एक्साइज इंस्पेक्टर सस्पेंड… एडीईओ पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा
आबकारी आयुक्त छत्तीसगढ़ ने शराब दुकानों में निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बिक्री (ओवररेट) और नियंत्रण में लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए दो आबकारी उप निरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। यही नहीं, दुकानों पर नियंत्रण नहीं रख पाने के लिए सहायक जिला आबकारी अधिकारी (एडीईओ) के खिलाफ अनुशानात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई राज्यस्तरीय उड़नदस्ता की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। निलंबित अधिकारियों में बालोद जिले में गुरूर के आशाराम शाक्य (आबकारी उप निरीक्षक) तथा बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के रोहासी देशी मदिरा दुकान के प्रभारी पी.माधव राव (आबकारी उप निरीक्षक) शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य मामले में कम्पोजिट मदिरा दुकान अरकार समेत सह मंडल प्रभारी निलोफर जैन (सहायक जिला आबकारी अधिकारी) को दुकानों पर शिथिल नियंत्रण, कर्तव्य की प्रति लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के कारण एक्शन लिया गया है। आबकारी आयुक्त ने एडीईओ के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए सचिव वाणिज्यिक-कर (आबकारी) विभाग को पत्र जारी कर दिया है।



