आज की खबर

छत्तीसगढ़ के स्कूलों में बनेंगे 6671 गर्ल्स टॉयलेट… सीएम साय ने शुरू किया “मेरी बेटी मेरा अभिमान” अभियान… 15 अगस्त से 26 जनवरी तक चलेगी मुहिम

छत्तीसगढ़ की साय सरकार ने बड़ी पहल करते हुए प्रदेशभर के स्कूलों में 6671 गर्ल्स टॉयलेट बनाने के बड़े अभियान की शुरुआत कर दी है। गुरुवार को मंत्रालय में भीड़भरी प्रेस कांफ्रेंस में सीएम विष्णुदेव साय ने “मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करते हुए यह घोषणा की है। अभियान 15 अगस्त से शुरू होकर 26 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान 6,671 गर्ल्स टॉयलेट के अलावा गांवों में 6,524 मुक्तिधाम-प्रतीक्षालय और 10,027 डिफंक्ट बोरवेल में रिचार्ज पिट भी बनाए जाएंगे। सीएम साय ने बताया कि वीबी-जी राम जी मिशन से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी और 6,855 करोड़ रुपए से रोजगार और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार

सीएम साय ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि मेरी बेटी मेरा अभिमान अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी विद्यालयों में 286.85 करोड़ रुपए से 6,671 बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक शौचालय की लागत 4.30 लाख रुपए निर्धारित की गई है। इसी प्रकार, प्रदेश के 6,524 गांवों में 391.44 करोड़ रुपए की लागत से प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम बनाए जाएंगे, जिनकी प्रति इकाई लागत 6 लाख रुपए होगी। इसके अतिरिक्त 18.22 करोड़ रुपए की लागत से 549 मुक्तिधामों का भी निर्माण किया जाएगा, जिनकी प्रति इकाई लागत 3.32 लाख रुपए निर्धारित की गई है। इसी तरह, जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य के 10,027 बंद अथवा डिफंक्ट बोरवेलों में 52.14 करोड़ रुपए की लागत से सैंड फिल्टर एवं रिचार्ज संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। प्रति इकाई लागत लगभग 52 हजार रुपए निर्धारित की गई है। इससे भू-जल स्तर में वृद्धि होगी, वर्षा जल का बेहतर संरक्षण होगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट कम करने में मदद मिलेगी।

सीएम साय ने कहा कि वीबी-जी राम जी योजना पूरे देश में 1 जुलाई 2026 से लागू हुई है। योजना के अंतर्गत सभी विकास कार्यों का चयन ग्राम सभा की स्वीकृति से किया जाएगा तथा मजदूरी की दर बढ़ाकर 300 रुपए प्रतिदिन कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा और वीबी-जी राम जी के माध्यम से राज्य को लगभग 6,855 करोड़ रुपए प्राप्त होंगे, जो ग्रामीण रोजगार और विकास कार्यों के लिए राज्य में अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय निवेश है। भारत सरकार से योजना की प्रथम किस्त के रूप में 1,538 करोड़ रुपए से अधिक की वित्तीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।

इस प्रेस कांफ्रेंस में सीएम साय के साथ डिप्टी सीएम विजय शर्मा, एसीएस ऋचा शर्मा, वीबी-जी राम जी के आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button