कवर्धा मेडिकल कॉलेज इसी साल 50 सीटों के साथ शुरू करने का आया परमिशन… प्रदेश में इसे मिलाकर पांचों कॉलेज इसी साल खुलेंगे, बढ़ेंगी 250 मेडिकल सीटें
(फाइल फोटो : दीनदयाल उपाध्याय आयुष विवि)
कबीरधाम (कवर्धा), गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़ और जांजगीर-चांपा में इसी शैक्षणिक सत्र से 50-50 सीटों वाले शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू करने की फाइनल मंजूरी आ गई है और ये कॉलेज अगले कुछ दिन में होने वाली नीट काउंसलिंग में शामिल कर लिए गए हैं। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से 50 एमबीबीएस (MBBS) सीटों के साथ सबसे पहले कवर्धा कॉलेज को संचालित करने के लिए ‘लेटर ऑफ परमिशन’ (LoP) जारी कर दिया है।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार कबीरधाम समेत कुल 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खोलने की मंजूरी मिली है। सभी 5 कॉलेजों में 50-50 सीटें होंगी, जिससे राज्य में एक साथ 250 सरकारी एमबीबीएस सीटें बढ़ जाएंगी। इसी साल होने वाली NEET UG काउंसलिंग के जरिए इन सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा। सरकारी कॉलेज होने के कारण इसकी 15% सीटें ऑल इंडिया कोटा (AIQ) और 85% सीटें राज्य कोटा के तहत भरी जाएंगी। नए मेडिकल कॉलेज रायपुर के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय’ से संबद्ध होंगे।



