आज की खबर
दुर्ग यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार गिरफ्तार… महिला कर्मचारी का वेतन हड़पने का आरोप… डेढ़ लाख रु की धोखाधड़ी का केस

दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय (दुर्ग यूनिवर्सिटी) के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) भूपेंद्र कुमार कुलदीप को पुलिस ने गबन के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल ने कुलसचिव की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मिली जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय की ही एक महिला कर्मचारी के वेतन में धोखाधड़ी और राशि हड़पने के आरोप में दुर्ग की मोहन नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
दर्ज एफआईआर के अनुसार कुलसचिव भूपेंद्र कुमार कुलदीप पर विश्वविद्यालय की एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी के वेतन से 1,49,384 रुपये का गबन करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि पीड़ित कर्मचारी पर दबाव बनाकर 6 फरवरी 2025 से 4 जुलाई 2026 के बीच शेष राशि फोन पे (PhonePe) और पेटीएम (Paytm) के माध्यम से कुलसचिव के खाते में ट्रांसफर करवाई जाती थी। विश्वविद्यालय प्रशासन की आंतरिक जांच रिपोर्ट और सबूतों के आधार पर मोहन नगर पुलिस ने मामला दर्ज (FIR) कर आरोपी कुलसचिव को हिरासत में लिया है।
बता दें कि इस एफआईआर से ठीक पहले उच्च शिक्षा संचालनालय ने कुलसचिव को सरकारी वाहन के कथित दुरुपयोग और खर्चों में गड़बड़ी को लेकर कारण बताओ नोटिस भी जारी किया था। इसी दौरान दुर्ग यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय तिवारी के खिलाफ भी वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतों पर राज्यपाल रमन डेका ने 4 सदस्यीय हाई लेवल जांच समिति का गठन किया है।



