भाजपाध्यक्ष नितिन नवीन जिस बांकीपुर से विधायक थे, वहां भाजपा पीछे… एमपी की दतिया सीट पर भी पिछड़ी, कांग्रेस आगे
देश की तीन प्रमुख विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना के रुझान सामने आ गए हैं और कुछ देर में ये नतीजों में बदल सकते हैं। सबसे बड़ा उलटफेर बिहार की बांकीपुर सीट पर देखने को मिल रहा है, जहां जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर भाजपा उम्मीदवार से आगे चल रहे हैं। इसी तरह, एमपी की दतिया सीट पर भी सत्ताधारी पार्टी भाजपा का उम्मीदवार पीछे चल रहा है और कांग्रेस पहले राउंड से आगे है। गुजरात की मांजलपुर सीट पर ही भाजपा की निर्णायक बढ़त है।
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। शुरुआती 11 राउंड की गिनती के बाद वह बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा से 6,419 वोटों से आगे चल रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की रेखा कुमारी इस रेस में तीसरे स्थान पर खिसक गई हैं। यह सीट बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी और इसे बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है।
इसी तरह, मध्यप्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह शुरुआत से ही बढ़त बनाए हुए है। बीजेपी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी सात राउंड की मतगणना के बाद लगभग 3,295 वोटों से पीछे चल रहे हैं। यह सीट पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और मध्य प्रदेश बीजेपी के नए अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के लिए साख का सवाल बनी हुई है।
मांजलपुर विधानसभा (गुजरात) से बीजेपी के सतेन्द्रभाई (सतीश) पटेल इस सीट पर अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। यहाँ बीजेपी और कांग्रेस के भीखाभाई रबारी के बीच टक्कर है, लेकिन परंपरा के मुताबिक यह सीट बीजेपी के पाले में जाती दिख रही है। यह चुनाव बीजेपी विधायक योगेश पटेल के निधन के कारण कराया गया था।



