अटल परिसर में कांसे की प्रतिमा का फंड लेकर सीमेंट की बना दी… कांसे जैसा पेंट था, बारिश ने खोली पोल… कोरबा से रायपुर तक बवाल, एसडीओ-इंजीनियर सस्पेंड
कोरबा जिले में कटघोरा नगर पालिका के ‘अटल परिसर’ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की शुद्ध कांस्य (ब्रॉन्ज) की मूर्ति के नाम पर लगभग 14 लाख की राशि स्वीकृत की गई थी। लेकिन ब्रॉन्ज की जगह कंक्रीट और सीमेंट की प्रतिमा बनाकर उस पर ब्रॉन्ज रंग का पेंट लगा दिया गया। हाल ही में हुई तेज बारिश के बाद प्रतिमा के ऊपर से रंग उखड़ने लगा, जिससे अंदर की सीमेंट और घटिया सामग्री साफ नजर आने लगी। यह बात कटघोरा से निकलकर रायपुर होते हुए दिल्ली तक पहुंच गई। शाम को इस प्रोजेक्ट के एसडीओ और सब इंजीनियर को सस्पेंड कर दिया गया है और नगरपालिका सीएमओ पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है।
शिकायत मिलने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग (बिलासपुर संभाग) के कार्यपालन अभियंता ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। उन्होंने भी माना कि प्रथमदृष्टया प्रतिमा में तकनीकी फॉल्ट और गड़बड़ी दिख रही है। मूर्ति के सैंपल लेकर लैब टेस्ट के लिए भेज दिए गए हैं। आरोप है कि जिस मुख्य ठेकेदार को इसका टेंडर दिया गया था, उसने सब-कॉन्ट्रैक्ट के जरिए काम आगे बढ़ा दिया, जिससे इस स्तर का भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण देखने को मिला। अफसरों पर कार्रवाई इसलिए की गई कि क्योंकि उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता को ठीक से प्रमाणित नहीं किया।



