आज की खबर

कटघोरा-कवर्धा-डोंगरगढ़ समेत प्रदेश के रेल प्रोजेक्ट पर अहम फैसले… सीएम साय और रेलमंत्री वैष्णव की दिल्ली में बड़ी बैठक

छत्तीसगढ़ में बस्तर से सरगुजा तक रेल संपर्क मजबूत करने तथा छत्तीसगढ़ में प्रमुख रेल परियोजनाओं को गति देने के लिए गुरुवार रात सीएम विष्णुदेव साय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की लंबी बैठक हुई है। बैठक में कटघोरा-डोंगरगढ़ 295 किमी की नई रेलवे लाइन पर विशेष रूप से बातचीत की गई है। रेल मंत्री ने बताया कि इस लाइन का निर्माण रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए दोनों संस्थाओं की साझेदारी में एक स्पेशल परपज़ व्हीकल (SPV) का गठन किया जाएगा। यह रेललाइन कटघोरा से करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू तथा राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे उपस्थित थे। बैठक में सीएम साय ने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी, उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा लाखों नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।

बैठक में रावघाट-जगदलपुर रेलवे लाइन परियोजना की भी समीक्षा भी की गई। सीएम ने कहा कि लगभग 140 किलोमीटर लंबी इस महत्वपूर्ण रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण की आवश्यक कार्यवाही पूरी की जा चुकी है तथा रेलवे द्वारा निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सीएम साय ने प्रदेश की तीन अन्य महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं – सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किलोमीटर), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किलोमीटर) तथा अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किलोमीटर) को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से उत्तर छत्तीसगढ़ सहित सीमावर्ती क्षेत्रों की रेल संपर्क व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा व्यापार, पर्यटन, खनिज परिवहन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इन परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button