छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा : पुल पर नदी का तेज बहाव, पार करते समय बही कार… पूर्व सरपंच-पत्नी लापता, बड़ा तलाशी अभियान
छत्तीसगढ़ में सारंगढ़ के माधोपाली पुल पर तेज बहाव में कार बहने के बाद उस पर सवार पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल लापता हो गए हैं। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच रविवार 26 जुलाई को माधोपाली पुल पार करते समय यह दर्दनाक हादसा हुआ।
पुलिस अफसरों ने बताया कि कार में घोटलाबड़े गांव के पूर्व सरपंच देवनारायण अपनी पत्नी सविता के साथ थे।मूसलाधार बारिश के दौरान माधोपाली पुल के ऊपर पानी का तेज बहाव था। इसे पार करते समय कार अनियंत्रित होकर बह गई। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। अमझर पुल और आसपास के उफनते नाले के आसपास लापता दंपती की तलाश के लिए संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान से चलाया जा रहा है। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों की भीड़ जुट गई है और पूरे क्षेत्र में माहौल चिंताजनक बना हुआ है।



