वन विभाग की गाड़ी भीषण हादसे का शिकार, रेंजर की मौके पर मौत… बारिश में तेज रफ्तार ट्रक ने एनएच पर मारी जोरदार टक्कर … सड़क मरम्मत पर उठे गंभीर सवाल
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में भीषण सड़क हादसे में देवभोग वन विभाग के फॉरेस्ट रेंजर अश्विनी दास मिर्चुलिया की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना मैनपुर-धुर्वागुड़ी मुख्य मार्ग (NH-130C) पर बुढ़गेलटप्पा के एक अंधे मोड़ के पास हुई। वन विभाग की बोलेरो को एक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मारी। यह सरकारी बोलेरो मैनपुर से वापस लौट रही थी।
पुलिस के मुताबिक बुढ़गेलटप्पा मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक ने ऐसी खतरनाक टक्कर मारी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी ट्रक में ही फंस गई। फ्रंट सीट पर बैठे रेंजर अश्विनी दास की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक महेंद्र निर्मलकर और वनरक्षक उमेश ध्रुव समेत 8 से 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इंदागांव पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत डायल 112 के जरिए देवभोग अस्पताल पहुँचाया गया। रेंजर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे (NH-130C) के मरम्मत कार्य में लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे मुरुम की जगह चिकनी मिट्टी डाल दी गई है, जिससे हल्की बारिश में भी गाड़ियां फिसल रही हैं और यह हादसा भी इसी वजह से हुआ।



