छत्तीसगढ़ में पहली खुली जेल बनाई साय सरकार ने… बेमेतरा के पथर्रा में शुरू होगी, देखें आदेश.. अच्छे आचरण वाले कैदी रहेंगे

छत्तीसगढ़ में साय सरकार पहली बार खुली जेल शुरू करने जा रही है। दीवारों के बजाय फेंसिंग वाली इस खुली जेल का निर्माण बेमेतरा के पथर्रा इलाके में किया किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के जेल विभाग ने 14 जुलाई, मंगलवार को इस आशय का आदेश जारी कर दिया है। खुली जेल के संबंध में सूचनाएँ तथा प्रोसीजर जल्दी ही स्पष्ट किए जाएंगे। फ़िलहाल यह बात आई है कि इस जेल में 200 क़ैदी रखे जाएँगे।
छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के बाद से अब तक यह खुली जेल का पहला बड़ा प्रयोग माना जा रहा है। जानकारों के मुताबिक खुली जेल में दीवारें नहीं होतीं, लेकिन एक बड़ा दायरा रहता है जो फेंसिंग से घिरा रहता है। जेल मैन्युअल के मुताबिक खुली जेल में उन सजायाफ़्ता कैदियों को रखने का प्रावधान है जो सजा का काफ़ी हिस्सा काट चुके होते हैं और उनका आचरण इस दौरान लगातार अच्छा माना जाता है। कुछ वरिष्ठ अफ़सरों ने यह भी बताया कि अविभाजित मध्यप्रदेश के समय जगदलपुर में एक खुली जेल खोली गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से वर्ष 2001 में इसे बंद कर दिया गया और अब वहां अर्धसैनिक बल का प्रशिक्षण केंद्र संचालित है। हालांकि राज्य निर्माण के बाद एक साल तक वह जेल भी खुली ही नहीं।



