आज की खबर

एक पेड़ मां के नाम : विधानसभा परिसर में सीएम साय, स्पीकर डॉ रमन ने लगाया रुद्राक्ष पौधा… सेल्फ़ी पॉइंट पर तस्वीरें भी बनवाईं


छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आज विधानसभा परिसर में आज़ मंगलवार को एक पेड़ मां के नाम 3.0′ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सीएम विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, डिप्टी सीएम विजय शर्मा और अरुण साव तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप सहित विधानसभा के सभी सदस्यों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। सभी जनप्रतिनिधियों ने अभियान के लिए तैयार विशेष सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं।

सीएम साय ने रुद्राक्ष का पौधा लगाने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रारंभ हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान आज पूरे देश में जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी मां के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति उत्तरदायित्व का सशक्त प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी उसी आत्मीयता से करनी चाहिए, जिस भाव से वह अपने परिवार के किसी सदस्य की देखभाल करता है। कार्यक्रम में विधानसभा के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी माताओं के नाम पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग मनोज कुमार पिंगुआ  सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button