मेडिकल कॉलेज कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, दंतेवाड़ा और कुनकुरी को मान्यता… खारिज हुआ था आवेदन, सीएम साय के प्रयास के बाद एनएमसी की मंजूरी
छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने मान्यता दे दी है। जिन नए मेडिकल कॉलेजों को मान्यता दी गई है, उनमे कवर्धा, जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, दंतेवाड़ा और कुनकुरी शामिल हैं। सभी में 50-50 सीटों के साथ पढ़ाई शुरू करने की अनुमति दी गई है। एनएमसी ने 10 दिन पहले इन कॉलेजों की मान्यता के आवेदन खारिज कर दिए थे। इसके बाद सीएम विष्णुदेव साय ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाक़ात कर राज्य का पक्ष रखा था। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ऐसा पहली बार है, जब राज्य के पाँच मेडिकल कॉलेजों को एक साथ मान्यता दी गई है।
बता दें कि एनएमसी ने इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी, डॉक्टरों व नियमित फैकल्टी की भारी किल्लत और आवश्यक संसाधनों के अभाव के कारण इन सभी कॉलेजों के मान्यता के आवेदनों को खारिज (Reject) कर दिया था।इसके बाद सीएम साय ने उच्चस्तरीय प्रयास किए। फिर नए मेडिकल कॉलेजों में राज्य शासन ने डीन नियुक्त कर दिए थे। एनएमसी की ओर से सभी डीन को भेजे गए पत्र में मान्यता की जानकारी दी गई है। बतौर प्रमाण, एक मेडिकल कॉलेज के डीन को भेजा गया पत्र यहाँ प्रस्तुत है।




