स्कूल शिक्षा में बड़ा सुधार : अगले साल स्कूल 1 अप्रैल से खुलेंगे… किताबें यूनिफार्म वितरण उसी माह… देखें शिक्षा सचिव डॉ कमलप्रीत का आदेश

छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी और माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) से मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में अगला नया शैक्षणिक सत्र (Academic Session) 16 जून के बजाय 1 अप्रैल 2027 से शुरू होगा। वर्तमान में जून में स्कूल खुलने के बाद शाला प्रवेश उत्सव, मुफ्त किताबें, यूनिफॉर्म और साइकिल वितरण जैसी सरकारी प्रक्रियाओं में काफी समय चला जाता था। अब 1 अप्रैल से ही एडमिशन और सामग्री वितरण शुरू हो जाएगा। शिक्षा सचिव आईएएस डॉ कमलप्रीत सिंह ने इस आशय का आदेश जारी कर दिया है। इसे स्कूल शिक्षा में सुधार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। खास बात ये है कि नई शेड्यूल में स्कूल मई और जून में बंद रहेंगे और शैक्षणिक गतिविधियां जुलाई में ही शुरू होंगी।
नया शेड्यूल इस प्रकार काम करेगा
1 अप्रैल: नए सत्र की शुरुआत, एडमिशन और नियमित कक्षाओं का संचालन।
मई – जून: भीषण गर्मी को देखते हुए पूर्व की तरह ही ग्रीष्मकालीन अवकाश (Summer Vacation)।
जुलाई: छुट्टियां खत्म होने के बाद कक्षाएं दोबारा सुचारू रूप से शुरू की जाएंगी।
हाल में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की उपस्थिति में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में यह बड़ा फैसला लिया गया। शिक्षा सत्र की व्यवस्था में इस बदलाव का मुख्य कारण समय पर पाठ्यक्रम पूरा नहीं होना भी है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तर्ज पर सत्र शुरू होने से शिक्षकों को सिलेबस पूरा कराने और बच्चों को पढ़ाई के लिए ज्यादा समय मिलेगा। इस नई व्यवस्था से शैक्षणिक स्तर सुधरेगा और बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों में भी सुधार देखने को मिलेगा।


