छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच सहयोग की नई शुरुआत… सीएम साय से वहां के वित्तमंत्री की लंबी चर्चा… सीमावर्ती क्षेत्रों को लाभ

छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच समन्वय और आपसी सहयोग से विकास का नया दौर शुरू हो रहा है। दरअसल आज सीएम विष्णुदेव साय से मंत्रालय महानदी भवन में झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भेंट की। अधिकृत सूत्रों के अनुसार सीएम साय के साथ झारखंड वित्तमंत्री की साझा विकास, जनजातीय क्षेत्रों के सशक्तीकरण तथा पारस्परिक सहयोग से जुड़े विभिन्न विषयों पर लंबी चर्चा हुई है। इसका फ़ायदा दोनों ही राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में रहनेवालों को मिलने की उम्मीद है।
बातचीत में सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड केवल पड़ोसी राज्य ही नहीं, बल्कि साझा जनजातीय विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और आत्मीय सामाजिक संबंधों से भी जुड़े हुए हैं। विशेष रूप से जशपुर और झारखंड के बीच वर्षों से पारिवारिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक निकटता रही है, जो दोनों राज्यों के संबंधों को और अधिक मजबूत बनाती है। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों के समग्र विकास, जनकल्याण, आपसी समन्वय तथा अनुभवों के आदान-प्रदान को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों राज्यों के बीच निरंतर संवाद और सहयोग से विकास के नए अवसर सृजित होंगे तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को इसका व्यापक लाभ मिलेगा। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न यह भेंट दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग, समन्वय और विकासोन्मुखी संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।



