छत्तीसगढ़ सरकार आज़ सुबह से कल शाम तक क्लासरूम में… रायपुर चिंतन शिविर 3.0 में सीएम साय और सभी मंत्री
छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार का दो दिवसीय चिंतन शिविर 3.0 आज यानी 4 जुलाई से भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM Raipur) में शुरू हो गया है। इस शिविर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दोनों उपमुख्यमंत्री और सभी कैबिनेट मंत्री एक ‘स्टूडेंट’ की तरह शामिल हो रहे हैं। इस शिविर में छत्तीसगढ़ के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों के शामिल होने की भी सूचना है। आईआईएम रायपुर के इस शिविर में पूरी सरकार सुबह से रात तक रहेगी।
इस दो दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन सरकार की कार्यप्रणाली को अधिक जन-केंद्रित और प्रभावी बनाने के लिए किया गया है। इसमें मंत्रियों को प्रशासनिक प्रबंधन, नीति निर्माण और सुशासन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
तकनीकी नवाचार और AI: इस बार के शिविर में गवर्नेंस और प्रशासन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकारी योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू करने और अंतिम छोर तक पहुंचाने पर मंथन होगा।
इस शिविर में एक अनोखा प्रयोग देखने को मिल रहा है, जहां देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईएम के विशेषज्ञ मंत्रियों को ट्रेनिंग दे रहे हैं। मुख्यमंत्री और सभी मंत्री टेबल-कुर्सी पर बैठकर एक स्टूडेंट की तरह विशेषज्ञों से सरकार चलाने की बारीकियां सीख रहे हैं ताकि लोगों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाया जा सके।



