नया रायपुर से लगे नकटी गांव के सभी पात्र परिवारों को सेक्टर-30 में 340 वर्गफीट के मकान…. साय सरकार का संवेदनशील रुख, व्यवस्थित पुनर्वास देखेगी कमेटी
नया रायपुर से लगे नकटी गांव के जिन 85 परिवारों का क़ब्ज़ा हटाया गया, साय सरकार ने उनकी दिक्कतें दूर करने के लिए संवेदनशील रूख अपनाया है। शासन -प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को बेघर छोड़ने के बजाय उन्हें नया रायपुर के सेक्टर-30 में सर्वसुविधायुक्त ईडब्ल्यूएस आवासीय काम्प्लेक्स के 340 वर्गफीट वाले फ्लैट्स बसाना शुरू कर दिया है। इस परिसर में में बिजली, पेयजल, सड़क, सीवर, सामुदायिक भवन, उद्यान और अन्य शहरी सुविधधाएँ दी गई हैं। पुनर्वास व्यवस्थित हो, इसके लिए 8 सदस्यीय समिति भी गठित कर दी गई है।
भूमि पर अवैध रूप से निवासरत परिवारों के पुनर्वास के लिए जिला प्रशासन ने 65 पात्र परिवारों की सूची गृह निर्माण मंडल को सौंपी है। इस सूची में शामिल परिवारों को 29 जून को प्रधानमंत्री आवास योजना के ईडब्ल्यूएस मकानों का आवंटन कर दिया गया। पुनर्वास को केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित न रखते हुए सरकार ने आवासों को रहने योग्य बनाने का काम भी तेज़ी से शुरू किया। आवासों में ट्यूबलाइट, पंखे और विद्युत व्यवस्था पूरी कर दी गई है ।
सरकार ने पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया की निगरानी के लिए मुख्यालय के अपर आयुक्त की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में उपयुक्त, कार्यपालन अभियंता, संपदा अधिकारी और सहायक अभियंताओं सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। समिति यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक पात्र परिवार को निर्धारित आवास मिले और पुनर्वास पूरी तरह पारदर्शी एवं बिना किसी अव्यवस्था के संपन्न हो। बता दें कि सेक्टर-30 में कुल 1376 ईडब्ल्यूएस (जी+3) आवास निर्मित हैं। इनमें चतुर्थ तल पर उपलब्ध 109 रिक्त आवास पुनर्वास के लिए चिन्हित किए गए हैं। 31.45 वर्गमीटर (338.40 वर्गफीट) क्षेत्रफल वाले इन मकानों के परिसर में पक्की कंक्रीट सड़कें, वॉकिंग ट्रैक, सार्वजनिक उद्यान, सामुदायिक भवन, यूटिलिटी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सीवर नेटवर्क और नियमित जलापूर्ति जैसी सभी आवश्यक शहरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।



