बिलासपुर में भी पुलिस कमिश्नरेट की तैयारी, 3 डीसीपी बैठेंगे… साय सरकार ने रायपुर को कामयाब माना, इसलिए अन्य शहरों में भी
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली (Police Commissionerate System) लागू करने की तैयारी की जा रही है। समझा जाता है कि सीएम विष्णुदेव साय सरकार ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को कामयाब माना है, इसलिए यह सिस्टम प्रदेश के एक-दो और शहरों में लागू करने पड़े विचार चल रहा है। बिलासपुर में मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि रायपुर की तर्ज पर अब बिलासपुर के पुलिस फॉर्मेशन में भी बड़ा बदलाव किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से बिलासपुर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले की पुलिस व्यवस्था को दो हिस्सों यानी ग्रामीण (Rural) और शहरी (Urban) पुलिसिंग में बांट दिया जाएगा। अभी पूरे जिले की कमान एसएसपी (SSP) के पास होती है। नया सिस्टम आने के बाद शहरी क्षेत्र को 2 से 3 जोन में विभाजित किया जाएगा, जहां एसपी (SP) रैंक के अधिकारी यानी डीसीपी (DCP) तैनात रहेंगे। इससे थानों की मॉनिटरिंग सीधे फील्ड से चौबीसों घंटे बेहतर ढंग से हो सकेगी। यही नहीं, बिलासपुर शहर की सुरक्षा को हाई-अलर्ट मोड पर लाते हुए करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से 1000 CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि अपराध होने से पहले ही उन्हें रोका जा सके।
रायपुर कमिश्नरेट मॉडल की सफलता
डिप्टी सीएम के अनुसार, सबसे पहले इस सिस्टम को रायपुर में आजमाया गया था, जहां इसके बेहतरीन परिणाम देखने को मिले हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अब बिलासपुर में भी इसे अमलीजामा पहनाने पर सरकार के स्तर पर गंभीर चर्चा जारी है।



