रायपुर में नीट NEET परीक्षा मज़बूत सुरक्षा इंतज़ाम के साथ संपन्न… शहर के 25 केंद्रों में 9050 और प्रदेश में करीब 45 हजार ने दी परीक्षा… फिलहाल 882 के अनुपस्थित रहने की सूचना
नीट NEET 2026 की दोबारा परीक्षा आज 21 जून को पूरे छत्तीसगढ़ समेत रायपुर में कड़ी सुरक्षा के बीच दोपहर ठीक 2 बजे आयोजित की गई और शाम 5.15 बजे शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। रायपुर में री-नीट (Re-NEET) परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 9,050 परीक्षार्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई थी। सभी केंद्रों पर त्रि-स्तरीय (3-Layer) सुरक्षा घेरा लगाया गया था। इसके अलावा पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे, जैमर्स और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन का इस्तेमाल किया गया। अभी 882 अभ्यर्थियों की अनुपस्थिति की सूचना है, लेकिन फाइनल डेटा देर शामनेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी किया जाएगा।
रायपुर के चौबे कॉलोनी स्थित मायाराम सुरजन स्कूल में बायोमेट्रिक मिसमैच और एडमिट कार्ड में दूसरे केंद्र का नाम दर्ज होने के कारण एक छात्र को प्रवेश नहीं मिल सका। एंट्री के समय चप्पलें, झुमके-बाली उतरवाने जैसी 3-स्तरीय सख्त फ्रिस्किंग प्रक्रिया अपनाई गई, जिससे समय पर रिपोर्ट न करने वाले कई अभ्यर्थी बाहर रह गए। कई छात्रों ने बताया कि परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा तुरंत एग्जाम देने से वे काफी मानसिक तनाव में थे, जिसके कारण कुछ छात्रों ने परीक्षा छोड़ने का विकल्प चुना। इस परीक्षा की एक बड़ी खबर यह रही कि छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा के आदेश पर रायपुर सेंट्रल जेल में बंद 21 वर्षीय छात्र को पुलिस सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र (केंद्रीय विद्यालय) ले जाकर री-नीट का एग्जाम दिलाया गया।



