राहुल गांधी के रविवार, 21 जून के प्रवास से कांग्रेस भारी जोश में… उधर, इसी प्रवास पर भाजपा मंत्री-नेताओं के तीखे कमेंट्स
छत्तीसगढ़ में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार, 21 जून को रायपुर-अभनपुर को एक दिन के दौरे पर होंगे। राहुल गांधी के इस प्रवास को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। कांग्रेस नेता इस प्रवास से जोश में हैं और राहुल गांधी के आगमन को संगठन मजबूत करने और ‘मिशन 2028’ की तैयारी के रूप में देख रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के इस दौरे पर बेहद आक्रामक और विवादित बयानबाजी शुरू कर दी है। यहां तक कि पूर्व सीएम तथा विधानसभा स्पीकर डॉ रमन सिंह ने भी कह दिया है कि राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस का बंटाधार हो जाता है।
कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त 41 जिला और शहर अध्यक्षों के लिए 20 से 29 जून तक रायपुर के अभनपुर (अग्रवाल रिसॉर्ट) में 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है। इस शिविर में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और राजनीतिक रणनीति पर काम होना है। राहुल गांधी 21 जून को दोपहर 2:00 बजे रायपुर पहुंचेंगे और करीब 4 घंटे तक नेताओं को जीत का मंत्र व ‘टारगेट शीट’ देंगे। इसी दौरे को लेकर दोनों दल आमने-सामने आ गए हैं।
राहुल गांधी के कदम रखने से पहले ही सत्ताधारी दल भाजपा के नेताओं ने जुबानी तीर छोड़ना शुरू कर दिया है। सीएम साय के सलाहकार पंकज झा ने लंबी-चौड़ी पोस्ट में कहा कि राहुल को कथित तौर पर “जोकर” कहना उन्हें सम्मानित करने जैसा है। :छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री केदार कश्यप ने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में बड़ा शराब घोटाला किया है। इसलिए कांग्रेसी नेताओं को अपने आका को खुश करने के लिए उनका स्वागत पैर शराब से धोकर करना चाहिए।”



