कवर्धा मेडिकल कॉलेज पर पूर्व मंत्री अकबर का बड़ा बयान… पूर्व सीएम भूपेश से आग्रह कर कॉलेज हमने लाया… मौजूदा शासन में यही निकल गया हाथों से
कवर्धा समेत छत्तीसगढ़ के पांच नए मेडिकल कॉलेजों को इस साल नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से मंज़ूरी नहीं मिलने पर पूर्व मंत्री तथा दिग्गज कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर का बड़ा बयान आया है। कवर्धा जिले से चार बार विधायक रह चुके मोहम्मद अकबर ने शुक्रवार को एक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पूर्व सीएम भूपेश बघेल से हमने कवर्धा में मेडिकल कॉलेज खोलने का आग्रह किया था। तत्कालीन सीएम ने हमारे आग्रह को स्वीकार किया और कवर्धा को मेडिकल कॉलेज की सौगात दी। लेकिन वर्तमान शासन की कथित लापरवाही से यही मेडिकल कॉलेज कवर्धा के हाथों से निकलता नज़र आ रहा है।
वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर का बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि छत्तीसगढ़ के नए मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी और इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी ने हाल में परेशानियां बढ़ाई हैं। हाल में एनएमसी ने अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में इस साल जीरो ईयर घोषित किया है। एनएमसी के उस फैसले को बमुश्किल 10 दिन ही बीते हैं कि एनएमसी ने इस साल प्रदेश के पांच नए मेडिकल कॉलेजों कवर्धा, जशपुर जांजगीर, मनेंद्रगढ़ और दंतेवाड़ा को इस साल शुरू करने की मंज़ूरी नहीं दी है। इससे प्रदेश में एमबीबीएस की 250 सीटें इस साल नहीं बढ़ पाएंगी।



