आज की खबर

पीएम मोदी ने लगातार 4399 दिन प्रधानमंत्री रहकर पंडित नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा… सीएम साय ने पत्र लिखकर बधाई दी… छत्तीसगढ़ के विकास के लिए जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून 2026 को लगातार 4,399 दिनों तक पद पर रहकर भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले “लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित” (Democratically Elected) प्रधानमंत्री बन गए हैं। इस ऐतिहासिक मील के पत्थर के साथ उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के लगातार निर्वाचित कार्यकाल (4,398 दिन) के 62 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। हालाँकि जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 से 13 मई 1952 तक बिना आम चुनाव के (अंतरिम सरकार के रूप में) भी प्रधानमंत्री थे। उनका कुल कार्यकाल 16 वर्ष 286 दिन (6,130 दिन) का था, जो कि भारत के इतिहास में किसी भी पीएम का सबसे लंबा कुल कार्यकाल है।

पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के विकास में केंद्र सरकार के सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया किया है। पत्र में सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी, निर्णायक और जनकल्याणकारी नेतृत्व में संचालित योजनाओं ने छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति प्रदान की है। प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पत्र में उल्लेख किया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास को प्राथमिकता देने की केंद्र सरकार की नीति के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को ₹2,080.29 करोड़ की केंद्रीय सहायता प्राप्त हुई है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ₹2,377 करोड़ की लागत से 3,222 किलोमीटर लंबी 391 सड़कों तथा 88 वृहद पुलों की स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं ने बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए विकास और सुरक्षा दोनों को मजबूती प्रदान की है।

पत्र में मुख्यमंत्री ने वित्तीय सुदृढ़ीकरण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्यों को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी 32 प्रतिशत से बढ़ाकर 42 प्रतिशत किए जाने से छत्तीसगढ़ को अभूतपूर्व वित्तीय स्वायत्तता प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में राज्य को केंद्रीय करों में ₹3,46,806 करोड़ तथा विभिन्न योजनाओं में ₹1,43,328 करोड़ की सहायता प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना के तहत ₹22,021 करोड़ तथा जीएसटी क्षतिपूर्ति के रूप में ₹22,600 करोड़ की अतिरिक्त सहायता भी मिली है।

मुख्यमंत्री ने सड़क अधोसंरचना विकास को केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) के तहत ₹4,468 करोड़ तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास के लिए ₹35,766 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे रायपुर-विशाखापट्टनम, बिलासपुर-धनबाद, रायपुर-दुर्ग बायपास तथा अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को गति मिली है और राज्य की कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने पत्र के अंत मे कहा कि छत्तीसगढ़ की साढ़े तीन करोड़ जनता की ओर से वे प्रधानमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं और विश्वास जताते हैं कि विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में केंद्र सरकार का मार्गदर्शन और सहयोग भविष्य में भी इसी प्रकार प्राप्त होता रहेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button