छत्तीसगढ़ में कथावाचक दुष्कर्म में अरेस्ट… रायपुर के पास पुलिस ने घेरकर पकड़ा… हाईप्रोफाइल केस, तुरंत एफआईआर और एक्शन
छत्तीसगढ़ के कथावाचक और ज्योतिषाचार्य नरेंद्र नयन शास्त्री को दुष्कर्म (रेप) के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महासमुंद के बागबाहरा में एक महिला की शिकायत पर यह केस दर्ज किया गया था। आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) जैसी धाराएं लगी हैं और केस हाई प्रोफाइल बताया जा रहा है।
महासमुंद पुलिस की टीम ने आरोपी कथावाचक को रायपुर से लगे सिलियारी से गिरफ्तार किया, जहां का वह निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे बागबाहरा लाया गया। आरोपी कथावाचन और ज्योतिष कार्यक्रमों के लिए जाना जाता है। स्थानीय स्तर पर लोग उसे ‘चावल देखकर भविष्य बताने वाले बाबा’ और ‘चायवाले बाबा’ के नाम से भी जानते हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता जिले से बाहर की रहने वाली है। उसकी लिखित शिकायत और शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने यह तुरंत कार्रवाई की है। आरोपी की सार्वजनिक पहचान और लोकप्रियता के कारण पुलिस इस मामले की बेहद संवेदनशील तरीके से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी फिलहाल साक्ष्यों को जुटाने और मामले की विस्तृत जांच में लगे हुए हैं।



