आज की खबर
मोहला-मानपुर पुलिस ने एमपी से महाराष्ट्र जा रहे शराब के ट्रक को जंगल में पीछा कर पकड़ा… एक करोड़ की शराब, अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़

छत्तीसगढ़ की lमोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक ट्रक से करीब एक करोड़ रुपए की 800 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। शराब की यह बड़ी खेप मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र से ट्रक में लोड की गई थी। तस्कर इस अवैध शराब को छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के गढ़चिरौली सीमा क्षेत्र के गांवों में अवैध रूप से खपाने की तैयारी में थे।
एसपी वायपी सिंह, एएसपी पीताम्बर पटेल और एएसपी डीसी पटेल ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने एक लंबा और सुनियोजित रूट चुना था। जिसमें नागपुर, देवरी, चिचोला, राजनांदगांव, अंबागढ़ चौकी, मोहला, मानपुर और औंधी मार्ग शामिल थे। मानपुर पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में अंबिकापुर पासिंग सफेद ट्रक को पीछा करके घेरा। पुलिस को मौके से ट्रक चालक ही मिला, जिसे हिरासत में ले लिया है और आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।



