रायपुर एयरपोर्ट पर बाहर से आने वाले पैसेंजर्स की इबोला वायरस जांच… अच्छी बात ये कि तीन दिन में नहीं मिला कोई संक्रमित
राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर इबोला वायरस (Ebola Virus) को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। बाहर से आने वाले यात्रियों की स्वास्थ्य जांच व थर्मल स्क्रीनिंग भी अनिवार्य कर दी गई है। पिछले तीन दिन में एयरपोर्ट पर बाहर से आने वाले 500 से ज़्यादा यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई है जिसमें एक भी संक्रमित नहीं मिला है।
वैश्विक स्तर पर (विशेषकर अफ्रीकी देशों जैसे कांगो और युगांडा में) इबोला संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यह जाँच की जा रही है। यहाँ से जाने वालों की जाँच नहीं हो रही है। एयरपोर्ट परिसर में विशेष जांच काउंटर बनाए गए हैं, जहां बाहरी राज्यों और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से कनेक्ट होकर आने वाले यात्रियों की रैंडम थर्मल स्कैनिंग और स्वास्थ्य जांच रूप से की जा रही है। मेडिकल टीमें यात्रियों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ उनकी पिछली ट्रैवल हिस्ट्री (यात्रा विवरण) को देखकर भी जांच कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस पूरी व्यवस्था, स्क्रीनिंग और आपातकालीन प्रबंधन की निगरानी के लिए एयरपोर्ट पर एक विशेष नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। यदि किसी यात्री में इबोला के संदिग्ध लक्षण पाए जाते हैं, तो उन्हें तुरंत अलग करने के लिए एयरपोर्ट पर आइसोलेशन रूम और जिला अस्पताल में विशेष वार्ड आरक्षित किए गए हैं।



