बरसात के लिए रेत का पहाड़ बनाने वालों पर रायपुर में छापे शुरू… नवापारा-आसपास सैकड़ों टन स्टोर रेत और दो पोकलेन सीज

बरसात में दो-तीन महीने तक सप्लाई के लिए महानदी और आसपास के नदी नालों से रेत निकालकर इकट्ठा करनेवालों पर रायपुर में बड़ा एक्शन शुरू हुआ है। कलेक्टर डॉ गौरव कुमार के निर्देश पर गोबरनवापारा, लखना, जौंदा वगैरह में खनिज विभाग चेकिंग कर रहा है। अब तक दो पोकेलेन मशीनें और सैकड़ों टन रेत के पहाड़ सीज कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई पूरे ज़िले में की जाएगी।
खनिज विभाग के डिप्टी डायरेक्टर राजेश मालवे की अगुवाई में टीमें छापेमारी कर रही हैं। गोबरानवापारा के ग्राम नवागांव, जौंदा, जौंदी तथा डगनिया में की गई जाँच में महानदी से रेत लाकर अनिल कुमार साहू, गोविंद साहू, ईश्वर पटेल, प्रताप सेन, त्रिलोकी साहू, अजय साहू तथा मनीष ठाकुर द्वारा बिना वैध अनुमति के रेत का अवैध भण्डारण किया जाना पाया गया। खनिज विभाग अवैध रेत को जब्त कर लिया गया है और उक्त लोगों को नोटिस जारी किया गया है। इस जाँच का दायरा पूरे जिले में बढ़ाया जा रहा है।



