महिला वकील की जंगल में हत्या में शादीशुदा प्रेमी गिरफ्तार… एएसपी शशिमोहन ने सनसनीखेज मर्डर का किया खुलासा
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जूनियर महिला वकील की हत्या में पुलिस ने शादीशुदा परिचित लोकनाथ पटेल (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। रायगढ़ एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आज रविवार को हत्याकांड से जुड़े तथ्य सामने लाते हुए बताया कि शादी से बचने के लिए लोकनाथ ने जंगल ले जाकर महिला वकील की हत्या की।
बता दें कि लैलूंगा निवासी आराधना सिदार (30 वर्ष) रायगढ़ जिला कोर्ट में जूनियर वकील थीं। आराधना का शव 12 मई को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह जंगल में अर्धनग्न और लहूलुहान मिला था। एसएसपी शशिमोहन ने बताया कि आरोपी लोकनाथ और आराधना के बीच 2 साल से संबंध थे। लोकनाथ शादीशुदा था लेकिन उसने यह बात छिपाई थी। जब उसकी पत्नी ने व्हाट्सएप डीपी पर पति और आराधना की तस्वीर लगाई, तब विवाद बढ़ने लगा। इसके बाद आराधना आरोपी पर शादी करने और कानूनी कार्रवाई का दबाव बना रही थी। परेशान होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। पहले वह मृतका के साथ फर्जी नाम से इलाके के होटल में रुका। फिर उसे बाइक से जंगल घूमने ले गया। जंगल में आराधना की हत्या की और भाग निकला।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स (CDR) का बारीकी से विश्लेषण किया। साक्ष्यों के आधार पर लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना से संबंधित साक्ष्य और मोबाइल जब्त कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस दुखद घटना के विरोध में जिला बार एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। एसोसिएशन ने मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया और यह निर्णय लिया कि स्थानीय स्तर पर कोई भी वकील आरोपी का पक्ष नहीं लेगा।



