बिजली लोगों की बड़ी ज़रूरत, लगातार सप्लाई और शिकायतों पर तुरंत रिस्पांस प्राथमिकता… बिजली कंपनियों के चेयरमैन IAS सुबोध सिंह का कड़ा रूख

मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आईएएस सुबोध कुमार सिंह ने स्टेट पॉवर कंपनीज के चेयरमैन का चार्ज लेते ही सभी बिजली कंपनियों के अफसरों की ताबड़तोड़ बैठकें ली हैं। पॉवर कंपनीज के डंगनिया मुख्यालय में जनरेशन, ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के आला अफसरों की बैठक में चेयरमैन सुबोध सिंह ने कहा कि बिजली हर व्यक्ति के जीवन की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे में लोगों को लगातार और क्वालिटी बिजली देना पावर कंपनीज़ की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। चेयरमैन ने टोल फ्री कॉल सेंटर नंबर 1912 को और अधिक दक्ष बनाने तथा शिकायतों पर रिस्पांस टाइम कम से कम करने के कड़े निर्देश भी दिए हैं।

बैठक में अधिकारियों से चेयरमैन सुबोध सिंह ने कहा कि बिजली व्यवस्था को आधुनिक, तेज एवं उपभोक्ता केंद्रित बनाने के लिये नवीन टेक्नोलॉजी एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने डाटा बेस्ड डिसिजन मेकिंग पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक एआई तकनीक का उपयोग कर विद्युत आपूर्ति, फॉल्ट मॉनिटरिंग, लोड प्रबंधन, उपभोक्ता शिकायत निवारण एवं सिस्टम मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। पावर कंपनीज़ में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई तकनीकों एवं आधुनिक कार्यप्रणाली से लैस किया जाना चाहिए, ताकि कार्य क्षमता, मॉनिटरिंग सिस्टम और उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार किया जा सके।
चेयरमैन सुबोध सिंह ने तीनों कंपनियों के अधिकारियों की अलग-अलग बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में जनरेशन कंपनी के एमडी एसके कटियार, ट्रांसमिशन कंपनी के एमडी राजेश कुमार शुक्ला, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।



