5 नगरपालिका अध्यक्ष, 77 पार्षद और पंचायतों के 1228 खाली पदों के लिए 1 जून को वोटिंग 4 को रिजल्ट… संबंधित क्षेत्रों में आचार संहिता लागू, वोटिंग टाइम अलग
छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने आज 8 मई को प्रदेश के नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के आम व उप-चुनावों के लिए तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके मुताबिक मतदान 1 जून और नतीजे 4 जून को आएंगे। प्रदेश में 5 नगरपालिका अध्यक्ष और 77 पार्षदों सहित कुल 82 पद और पंचायतों में जनपद सदस्य, सरपंच व पंच के कुल 1228 रिक्त पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार इन चुनावों के लिए नामांकन 11 मई से 18 मई तक भरे जा सकेंगे। नामांकन की जांच 19 मई और नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 मई है। नगरीय निकायों में सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक रहेगा। त्रिस्तरीय पंचायतों में सुबह 7:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक वोट डाले जाएँगे। नगरीय निकायों के चुनाव ईवीएम से दलीय आधार पर होंगे। जबकि पंचायतों के चुनाव मतपेटी (Ballot Box) के जरिए गैर-दलीय आधार पर होंगे।



