गर्मी 42 डिग्री, कटहल-गुलमोहर की छांव में सीएम साय की चौपाल… बच्चों-महिलाओं से श्रमिकों तक से सीधे पूछीं दिक्कतें

सुशासन तिहार के दौरान सीएम विष्णुदेव साय का किसी भी गांव में अचानक पहुँचने और पेड़ों की छांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया है। सीएम का हेलीकॉप्टर आज कवर्धा जिले के लोखान और छुईखदान के गांव सरोधी में उतरा। दोनों जगह सीएम को अपने बीच पाकर ग्रामीण खासे उत्साहित हो गए और उन्हें देखने-मिलने के लिए उमड़ पड़े। सीएम के साथ लगातार दूसरे दिन भी उनके प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और विशेष सचिव रजत बंसल मौजूद थे।

सरोधी में स्वसहायता समूह की महिलाओं ने महुआ, चार, आम और रखियां बड़ी भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं स्कूली बच्चों ने अपने हाथों से तैयार गुलमोहर और कनेर के फूलों के गुलदस्ते भेंट किए। सरोधी के पूर्व माध्यमिक शाला परिसर में कटहल और गुलमोहर के पेड़ों की छांव तले मुख्यमंत्री ने खाट पर बैठकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। इस सहज और आत्मीय वातावरण में उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से हम आपके बीच आकर आपका हाल-चाल जानने, सुख-दुख सुनने और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन को समझने आए हैं। यह अभियान 1 मई से 10 जून तक चलेगा, जिसमें सरकार स्वयं आपके द्वार तक पहुंचेगी।
सीएम साय ने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का प्रतीक है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी तरह समस्याओं का संकलन कर समाधान शिविरों के माध्यम से उनका निराकरण किया गया था और इस वर्ष भी उसी प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी रूप में लागू किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनकी सरकार को अभी महज 28 माह हुए हैं, लेकिन मोदी की गारंटी के तहत अधिकांश वादों को पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और दो वर्षों का बकाया बोनस भी दिया गया है।



