काले हिरण के संरक्षण पर छत्तीसगढ़ को मिली पीएम मोदी की तारीफ़… लगातार प्रशंसा गर्व का विषय- सीएम साय
रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” में पीएम नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ की तारीफ़ की है। इस बार उन्होंने काले हिरणों के संरक्षण के लिए प्रदेश की पीठ थपथपाई है। इस पर सीएम साय ने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का निरंतर जिक्र गौरव की बात है और प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण प्रयासों की सराहना कर प्रदेश का मान बढ़ाया है।
सीएम साय ने कहा कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का लगातार जिक्र होना न केवल राज्य की पहचान को सुदृढ़ करता है, बल्कि प्रदेशवासियों के मनोबल को भी नई ऊंचाई प्रदान करता है। मुख्यमंत्री ने आज रविवार को राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित विनायक सिटी में विशाल जनसमूह के साथ “मन की बात” की 133वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद थे। सीएम ने कहा कि “मन की बात” आज देश के जनमानस को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है, जिसके जरिए देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचार, जनभागीदारी और जमीनी स्तर के उत्कृष्ट प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख होना राज्य के लिए विशेष सम्मान का विषय है। इससे यह स्पष्ट होता है कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति प्रदेश की प्रतिबद्धता मजबूत है। साथ ही, यह अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर रहा है।



