जशपुर प्लेन क्रैश का सबूत नहीं मिला, सिर्फ जंगल की आग… कलेक्टर-एसएसपी मौके से लौट रहे हैं, हादसे के निशान तक नहीं… विमानतलों से भी पुष्टि नहीं
जशपुर की जिस आरा पहाड़ियों में सोमवार को चार्टर्ड प्लेन क्रैश होने की बात से खलबली मच गई, वह अब तक अफवाह ही साबित हुई है। जशपुर कलेक्टर और एसएसपी ठीक उस जगह पर पहुंच गए हैं, जहां धुआं है। वहां जंगल में आग लगी हुई है और आसपास दो किमी के दायरे में मलबा तो दूर, उसका एक टुकड़ा नहीं है। सारे विमान नजदीकी एटीसी के संपर्क में रहते हैं, लेकिन रांची एटीसी, अंबिकापुर एटीसी तथा बिलासपुर, रायपुर और जगदलपुर एटीसी के संपर्क में आज ऐसे किसी चार्टर्ड प्लेन का संपर्क नहीं था, जो लापता हुआ हो। शाम 7 बजे एसएसपी डा. लालउमेद सिंह ने द स्तम्भ को बताया कि कलेक्टर के साथ पूरी टीम वापसी की तैयारी कर रही है, क्योंकि मौके पर पत्ते जलने और धुएं के अलावा किसी प्लेन हादसे के कोई निशान नहीं मिले हैं। फोटो और वीडियो के बारे में भी कहा जा रहा है कि यह जंगल में आग की हैं। फिलहाल इसे सोशल मीडिया पर फैली एक अफवाह से ज्यादा नहीं माना जा रहा है। फिर भी, एहतियातन सुरक्षाकर्मियों का एक दस्ता जंगल में रुका है, जो अगले 24 घंटे तक आसपास के जंगल की छानबीन करेगा।



